
पंजाब पुलिस ने उत्तराखंड में दी दबिश, हर्ष फायरिंग से गई थी युवक की जान, रुद्रपुर के पार्षद पर आरोप
पंजाब के बलाचौर में शादी समारोह में फायरिंग से युवक की मौत, रुद्रपुर के एक पार्षद पर हत्या का आरोप, रुद्रपुर पहुंची पंजाब पुलिस…
रुद्रपुर: पंजाब के बलाचौर में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है. इस मामले में रुद्रपुर के एक पार्षद का नाम सामने आया है. ऐसे में पंजाब पुलिस आरोपी की तलाश में उत्तराखंड पहुंची. जहां रुद्रपुर में पंजाब पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस के साथ दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया.
जानकारी के मुताबिक, पंजाब के बलाचौर में एक शादी समारोह के दौरान अचानक गोली चलने से एक युवक की मौत हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना चौधरी पैलेस नामक मैरिज पैलेस में की बताई जा रही है. जहां समारोह के दौरान फायरिंग की गई. इसी फायरिंग में एक युवक के सीने में गोली जा लगी, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
रुद्रपुर के एक पार्षद के पिस्टल से गोली चलने का आरोप: इस मामले में रुद्रपुर के एक पार्षद का नाम आरोपी के रूप में सामने आया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायरिंग उनकी लाइसेंसी या निजी पिस्टल से हुई बताई जा रही है. युवक के सीने में लगी गोली जानलेवा साबित हुई और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पंजाब पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
रुद्रपुर पहुंची थी पंजाब पुलिस: साथ ही संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस की एक टीम जांच के सिलसिले में रुद्रपुर पहुंची. इस संबंध में जब रुद्रपुर कोतवाल मनोज कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने इसकी पुष्टि की.
“पंजाब पुलिस की टीम रुद्रपुर पहुंची थी. उन्होंने बताया कि शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग में पिस्टल से चली गोली एक युवक को लगी थी. जिसमें उसकी मौत हुई है. आरोप रुद्रपुर के एक स्थानीय पार्षद पर लगा है. स्थानीय पुलिस को इस मामले की सूचना दे दी गई थी. दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.”- मनोज कुमार, रुद्रपुर कोतवाल
कोतवाल मनोज कुमार ने ये भी बताया कि पंजाब पुलिस के रुद्रपुर पहुंचते ही रम्पुरा चौकी को सूचित कर दिया गया था. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त रूप से दबिश दी गई. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
इस घटना ने रुद्रपुर की स्थानीय राजनीति में भी हलचल पैदा कर दी है. एक जनप्रतिनिधि का नाम इस तरह की गंभीर आपराधिक घटना में सामने आने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. वहीं, शादी जैसे खुशी के अवसर पर हुई इस वारदात से दोनों राज्यों में सनसनी फैल गई है.
फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है. फोरेंसिक साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आ सकता है.



