
विधायक प्रतिनिधि और महिला कांस्टेबल के बीच हुई नोकझोंक, वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
रुद्रपुर। यहां भाजपा विधायक शिव अरोरा के प्रतिनिधि और एक महिला कांस्टेबल के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि बाद में बातचीत के जरिए विवाद सुलझा लिया गया।
जानकारी के मुताबिक ट्रांजिट कैंप कोतवाली में पुलिस कर्मियों के सम्मान में एक कार्यक्रम प्रस्तावित था। कार्यक्रम से पहले विधायक के प्रतिनिधि (पीए) सोनू वर्मा कोतवाली पहुंचे।बताया जा रहा है कि जब वे कोतवाल के कक्ष की ओर बढ़े तो ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल ने उन्हें रोक लिया।इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ देर तक जारी रही।
मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
घटना पर विधायक शिव अरोरा ने नाराजगी जताई, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर मामला शांत कराया। उन्होंने कहा कि महिला कांस्टेबल को उनके प्रतिनिधि की पहचान नहीं थी, जिससे गलतफहमी की स्थिति बनी।बैठकर बातचीत के बाद विवाद समाप्त हो गया। विधायक ने यह भी कहा कि थाने में आने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए और पुलिस अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
वहीं ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उपनिरीक्षक महेश कांडपाल के अनुसार महिला कांस्टेबल पिछले दस दिनों से एक किशोरी की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। किशोरी को सकुशल बरामद कर थाने लाया गया था और महिला कांस्टेबल रातभर जागी हुई थी। इसी दौरान सोनू वर्मा कोतवाल के कार्यालय का गेट खोलने लगे तो महिला कांस्टेबल ने उनसे पूछताछ की। थकान के कारण उनकी आवाज कुछ तेज हो गई,जिससे गलतफहमी बढ़ने से विवाद की स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और विधायक के हस्तक्षेप के बाद मामला पूरी तरह शांत हो गया। फिलहाल यह प्रकरण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।



