लाखों के डेयरी विवाद में महिला के अपहरण की साजिश, युवती गिरफ्तार, 4 आरोपी फरार

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में एक महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवती चाहत उर्फ अन्नू को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल चार अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, कानन कुंज, सहस्रधारा रोड निवासी सुषमा वर्मा ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 सितंबर की सुबह करीब 6:50 बजे नाला पानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रायपुर और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने 26 सितंबर को सहस्रधारा रोड से चाहत उर्फ अन्नू को गिरफ्तार कर लिया।
डेयरी के 7.50 लाख रुपये के सौदे को लेकर विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने सुषमा वर्मा से अठूरवाला-भानियावाला स्थित डेयरी का 7.50 लाख रुपये में सौदा किया था। पुलिस के अनुसार, डेयरी से अपेक्षा के मुताबिक दूध नहीं निकलने को लेकर लेन-देन का विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के चलते महिला को डराने-धमकाने और जबरन कार में बैठाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस अब फरार चार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
#देहरादून #CrimeNews #DehradunCrime #रायपुर #अपहरणकीसाजिश #डेयरीविवाद #PoliceAction #उत्तराखंड #UttarakhandNews #SamwadNews9






