देहरादून में देर रात NSUI का हंगामा, SSP आवास घेरने पहुंचे छात्र

देहरादून में छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। पुराने मुकदमे में एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेता विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने और पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार देर रात कार्यकर्ताओं ने एसएसपी आवास की ओर कूच किया। शहरऔर स्थानीय मार्गदर्शिका

विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी
बताया जा रहा है कि विनीत भट्ट के खिलाफ पुराने मामलों में अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, रायपुर थाने में उनके खिलाफ मामले दर्ज हैं और वारंट के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही थी। वहीं, एनएसयूआई और कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे छात्रसंघ चुनाव के बीच की गई कार्रवाई बताया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तीखी नोकझोंक
देर रात बड़ी संख्या में NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ता एसएसपी आवास की ओर बढ़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दिलाराम चौक के पास रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस ने लगाया चुनावी माहौल प्रभावित करने का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि छात्रसंघ चुनाव के बीच एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेताओं के खिलाफ गिरफ्तारी और वारंट की कार्रवाई से चुनावी माहौल प्रभावित हो सकता है। वहीं पुलिस का कहना है कि कार्रवाई किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि पुराने मामले में अदालत से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर की जा रही है। राजनीति
कांग्रेस और NSUI नेताओं में जताई पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी
मामले को लेकर कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं में पुलिस कार्रवाई के प्रति नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक विरोध और नारेबाजी जारी रही। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।
गौरतलब है कि देहरादून में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पहले से ही राजनीतिक और छात्र संगठनों की गतिविधियां तेज हैं। ऐसे में चुनाव से ठीक एक दिन पहले विनीत भट्ट के खिलाफ वारंट और पुलिस कार्रवाई को लेकर हुए इस प्रदर्शन ने छात्र राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।






