2 Mar 2026, Mon

उत्तराखंड कांग्रेस में उत्साह की लहर धुरंधर नेता की एंट्री से राजनीति में नई हलचल

खबर शेयर करें-

उत्तराखंड कांग्रेस में उत्साह की लहर

धुरंधर नेता की एंट्री से राजनीति में नई हलचल

उत्तराखंड कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल रविवार को दिल्ली दौरे से लौटकर देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसमें  हरक सिंह रावत और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। आज वह कांग्रेस मुख्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे। इस मौके पर कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा, दोनों सह प्रभारी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी उपस्थित रहेंगे।

गणेश गोदियाल पहले भी उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। उनका राजनीतिक करियर साल 2002 में थैलीसैंण विधानसभा सीट से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने पहली बार चुनाव जीतकर भाजपा के दिग्गज नेता रमेश पोखरियाल निशंक को हराया।

साल 2007 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। परिसीमन के बाद उनकी सीट साल 2012 में थैलीसैंण से श्रीनगर विधानसभा (पौड़ी) में बदल गई, जहां उन्होंने भाजपा के धन सिंह रावत को हराकर कांग्रेस में अपनी स्थिति मजबूत की।

गोदियाल कभी सतपाल महाराज के करीबी माने जाते थे। लेकिन सतपाल महाराज के भाजपा में जाने के बाद उन्हें कांग्रेस में अपनी पहचान बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी।

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में श्रीनगर से चुनाव लड़ते हुए मोदी लहर के चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद जुलाई 2021 में उन्हें फिर से उत्तराखंड कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

साल 2022 में भी श्रीनगर विधानसभा से चुनाव लड़ने के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद अध्यक्ष पद से उन्हें हटाया गया। इसके अलावा, साल 2024 में गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें बीजेपी के अनिल बलूनी ने हराया।

गणेश गोदियाल मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के कंडारस्यूं भहेड़ी गांव के रहने वाले हैं और उत्तराखंड कांग्रेस में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।