
देहरादून से बड़ी राजनीतिक खबर—एक बार फिर उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार की चर्चाएँ गरम
देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में हर चार–छह महीने बाद उठने वाला मुद्दा एक बार फिर गर्मा गया है। बात हो रही है कैबिनेट विस्तार की। और इस बार चिंगारी भड़की है खुद BJP प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान से।
दिल्ली रवाना होने से ठीक पहले महेंद्र भट्ट ने देहरादून में मीडिया से बातचीत में खुलासा किया कि दो दिन पहले ही उनकी मुख्यमंत्री धामी से कैबिनेट विस्तार पर चर्चा हुई है। इतना ही नहीं, दिल्ली में एक और अहम बैठक तय है और उसके बाद इस दिशा में बड़े फैसले की उम्मीद है।
भट्ट का कहना है—“जल्द ही कुछ न कुछ डेवलपमेंट देखने को मिलेगा। जो होगा, सबके सामने होगा।”
और बस, इसी बयान ने उत्तराखंड की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।
कुर्सी की आस लगाए बैठे विधायकों की धड़कनें तेज हो गई हैं, क्योंकि माना जा रहा है कि फैसला अब दूर नहीं।
वहीं, दिसंबर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा भी होने वाली है। राजनीतिक गलियारों में यह अटकलें गर्म हैं कि नई राष्ट्रीय टीम के बनने के बाद ही उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार को हरी झंडी मिल सकती है।
कुल मिलाकर, पहाड़ की राजनीति में एक बार फिर इंतज़ार और उम्मीदों का दौर शुरू हो चुका है। अब दिल्ली दरबार का फैसला क्या होगा, सभी की नज़रें उसी पर टिकी हैं।



