
हिंदू धर्म में प्रत्येक दिन और तिथि किसी न किसी देवी-देवता या पितरों की पूजा के लिए समर्पित मानी जाती है. विशेष रूप से अमावस्या तिथि को पितरों के लिए समर्पित माना गया है. मत्स्य पुराण में इसे ‘अमावसु’ नाम से वर्णित किया गया है. यह तिथि पितृ-तर्पण और श्राद्ध कर्म के लिए अत्यंत फलदायी मानी जाती है.
इस वर्ष पौष मास की अमावस्या साल की आखिरी अमावस्या है, जो 19 दिसंबर 2025, शुक्रवार को पड़ रही है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन स्नान, दान और मंत्र साधना करने से पितृदोष शांत होता है और जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है.
पौष अमावस्या पर क्या करें
ज्योतिषाचार्य शिवेंद्र ज्योति बताते हैं, “पौष अमावस्या पर जल तीर्थ में स्नान करना अत्यंत शुभ होता है. यदि तीर्थ स्थल पर जाना संभव न हो, तो घर में गंगाजल मिलाकर स्नान किया जा सकता है. यह पितरों को तृप्ति देने के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है.”
इसके साथ ही इस दिन दान का विशेष महत्व है. अमावस्या पर काले तिल का दान करने से पितृ प्रसन्न होते हैं और पितृदोष से मुक्ति मिलती है. इसके अलावा काले वस्त्र, कंबल, काला छाता और गुड़ का दान भी पुण्यफल देता है. ज्योतिषाचार्य के अनुसार, दान करते समय अहंकार या दिखावा न होना चाहिए.
अमावस्या को मंत्र साधना के लिए भी बहुत शुभ माना गया है. इस दिन शिव, शनि और शक्ति के मंत्रों का जाप करने से जीवन में बाधाओं का नाश होता है और मानसिक शांति मिलती है. साथ ही, दीपदान का विशेष महत्व है. शाम के समय पीपल के नीचे या घर की दक्षिण दिशा में यम देवता के लिए सरसों के तेल का दीपक जलाना अत्यंत फलदायी होता है.
अमावस्या पर क्या न करें
ज्योतिषाचार्य शिवेंद्र ज्योति के अनुसार, “अमावस्या के दिन कुछ सावधानियां भी आवश्यक हैं. इस दिन देर तक सोना, पुराने या गंदे कपड़े पहनना, किसी से वाद-विवाद करना, तामसिक भोजन करना, अंधेरी जगह पर जाना या बाल-नाखून काटना वर्जित है. साथ ही किसी निर्धन या जरूरतमंद का अपमान करना या धन उधार देने से बचें.”
पौष अमावस्या न केवल पितृदोष निवारण का अवसर है, बल्कि यह दिन दान, स्नान, मंत्र साधना और दीपदान के माध्यम से जीवन में समृद्धि, खुशहाली और मानसिक शांति लाने का शुभ समय है. ज्योतिषाचार्य का कहना है कि इस दिन किए गए धार्मिक कर्मों से व्यक्ति के घर में सौभाग्य बढ़ता है और पूरे वर्ष के लिए सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.



