19 Oct 2026, Mon

अभिनेत्री उर्मिला सनावर पहुंचीं देहरादून, कल एसआईटी के सामने होंगी पेश

खबर शेयर करें-

अंकिता भंडारी केस: अभिनेत्री उर्मिला सनावर पहुंचीं देहरादून, कल एसआईटी के सामने होंगी पेश

 

देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। कई दिनों से लापता चल रहीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर आखिरकार देहरादून पहुंच गई हैं। उनका मोबाइल फोन भी लंबे समय से बंद था, जिस कारण पुलिस ने सहारनपुर स्थित उनके आवास पर नोटिस तक चस्पा किया था।
अब उर्मिला सनावर बुधवार को विशेष जांच टीम (एसआईटी) के समक्ष पेश होंगी। एसआईटी उनसे हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो क्लिप, सोशल मीडिया पर दिए गए बयान और कथित ब्लैकमेलिंग के आरोपों को लेकर पूछताछ करेगी।

उर्मिला सनावर सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के गोविंद नगर मोहल्ले की निवासी हैं और वह हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा से पूर्व विधायक सुरेश राठौर से विवाह के बाद सुर्खियों में आई थीं। हाल ही में उन्होंने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए हत्याकांड में राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोप लगाए थे।

गौरतलब है कि 29 दिसंबर को उर्मिला ने फेसबुक लाइव के जरिए भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था। इसी मामले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी की ओर से डालनवाला थाने में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ भ्रामक वीडियो जारी करने और माहौल बिगाड़ने की साजिश के आरोप में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

अब उर्मिला की एसआईटी के सामने पेशी को लेकर यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है और जांच में नए खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement