21 Feb 2026, Sat

जिले के सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों के लाइसेंस खतरे में,

खबर शेयर करें-

शस्त्र लाइसेंस धारकों के लाइसेंस खतरे में…नितिन हत्याकांड के बाद बड़ा प्रशासनिक कदम, जिले के सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों के लाइसेंस खतरे में, पुलिस करेगी व्यापक सत्यापन

 

 

हल्द्वानी।जज फार्म निवासी युवक नितिन लोहानी की सनसनीखेज हत्या के बाद जिले में शस्त्र लाइसेंस धारकों को लेकर पुलिस और प्रशासन सख्त हो गया है। इस हत्याकांड में नगर निगम के पार्षद अमित बिष्ट का नाम सामने आने और उनके लाइसेंसी हथियारों के दुरुपयोग के बाद अब पूरे जिले में लाइसेंसी असलहा धारकों के लाइसेंस निरस्त होने का खतरा खड़ा हो गया है।

 

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ पीसी ने स्पष्ट किया है कि बीते समय में यह बात सामने आई है कि कई लाइसेंसी हथियार धारकों द्वारा अपने शस्त्रों का गलत इस्तेमाल किया गया है। इसी को गंभीरता से लेते हुए अब जिले में मौजूद सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों का पुलिस रिकॉर्ड खंगाला जाएगा।

 

एसएसपी के अनुसार, पुलिस यह जांच करेगी कि किसी भी लाइसेंसी शस्त्र धारक के खिलाफ जिले के किसी भी थाने में कोई मुकदमा लंबित तो नहीं है। इसके साथ ही शांति भंग, मारपीट, धमकी या किसी भी प्रकार की तहरीर अगर थाने में दी गई है, तो उसे भी रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा।

 

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि किसी लाइसेंस धारक के खिलाफ केवल शिकायती पत्र ही क्यों न थाने में दर्ज हुआ हो, तो भी उसके शस्त्र लाइसेंस को निलंबित या निरस्त किए जाने की कार्रवाई लगभग तय मानी जाएगी। पुलिस अब “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है।