
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 और 22 जनवरी को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान गृह मंत्री ऋषिकेश और हरिद्वार में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो, इसके लिए अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में तैनात पुलिस फोर्स की ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और वीआईपी मूवमेंट को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि गृह मंत्री के दौरे को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।



