22 Feb 2026, Sun

आज और कल हो सकती है भारी बारिश और बर्फबारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

खबर शेयर करें-

उत्तराखंड में आज और कल हो सकती है भारी बारिश और बर्फबारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

 

देहरादून। उत्तराखंड के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में तो दो दिन 27 और 28 जनवरी को मौसम खराब रह सकता है। पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी दिखेगा। गलन के कारण ठंड के और बढ़ने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने आज 27 जनवरी को उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश या बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तूफानी हवाएं भी चलेंगी।

27 जनवरी को ही देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे के साथ आंधी-तूफान आने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग ने आज 27 जनवरी को ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है।
मौसम विभाग ने 28 जनवरी को भी राज्य के कई जिलों में मौसम खराब रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। कुमाऊं क्षेत्र के जिलों में भी कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने 29, 30 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं 31 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 2800 मीटर और उससे ज्यादा ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।