
जज के ड्राइवर ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर कर दी हत्या, पुलिस ने किया खुलासा
हाजीपुर। बिहार के हाजीपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का एसडीपीओ सदर ने खुलासा करते हुए बताया कि एडीजे-4 जज के ड्राइवर ने ही अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करी।
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान अर्जुन कुमार के रूप में हुई है, जिसने अपनी 22 साल की पत्नी गुड़िया देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना 29 जनवरी की रात करीब 11:15 बजे हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के चौहट्टा चौक के पास हुई थी। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए पड़ोसियों पर पानी गिराने के विवाद में हत्या का आरोप लगाया था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने शुरुआती जांच में दो लोगों को हिरासत में भी लिया था, हालांकि पुलिस की गहन जांच के दौरान घर के अंदर गोली चलने के अहम सुराग मिले। इन सुरागों के आधार पर पुलिस का शक आरोपी पति पर गया। आगे की जांच में यह साफ हो गया कि पत्नी की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति अर्जुन कुमार ने ही की थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। जांच के दौरान उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया था। एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कई अहम सबूत मिले हैं, जिसके आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ है।फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।



