19 Oct 2026, Mon

बाजार में नकली दवाई बेचने वाले गिरोह के सदस्य को STF ने किया गिरफ्तार

खबर शेयर करें-

बाजार में नकली दवाई बेचने वाले गिरोह के सदस्य को STF ने किया गिरफ्तार

 

 

देहरादून।उत्तराखंड की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाइयां बनाने और बाजार में बेचने वाले गिरोह के एक और सदस्य को देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी की भूमिका नकली दवाइयों के पैकिंग मटेरियल और लेबल तैयार कर उन्हें बिक्री में इस्तेमाल करने की थी। इस मामले में STF अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

जानकारी के अनुसार STF ने 1 जून 2025 को सेलाकुई, देहरादून से संतोष कुमार को गिरफ्तार किया था जिसके पास से नामी दवा कंपनियों के भारी मात्रा में नकली रैपर, आउटर बॉक्स, लेबल और क्यूआर कोड बरामद हुए थे। इस संबंध में थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज किया गया था जिसकी गंभीरता को देखते हुए जांच बाद में STF को सौंप दी गई।

जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी संतोष कुमार नकली दवाइयों के लेबल तैयार कर उन्हें मोहन वैद्य उर्फ मोंटी को देता था। मोहन वैद्य इन लेबलों को नकली दवाइयों के बॉक्स पर लगाकर बाजार में बेचता था। STF की जांच में यह भी सामने आया कि मोहन इस संगठित अपराध में सक्रिय रूप से शामिल था।

इसके बाद STF टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और तकनीकी जांच के आधार पर मोहन वैद्य उर्फ मोंटी, निवासी जीरकपुर (पंजाब) को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी STF नवनीत भुल्लर ने बताया कि डीजीपी के निर्देश पर नकली दवाइयों के गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। टीमों ने जीवनरक्षक ब्रांडेड दवाइयों की हूबहू नकल कर उन्हें बाजार में बेचने वाले नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी से अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement