21 Feb 2026, Sat

ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म 

खबर शेयर करें-

ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म

अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि एक युवक ने अपनी ढाई साल की रिश्ते की भतीजी के साथ दुष्कर्म किया.

 

पीलीभीत/बदायूं:पीलीभीत के दियोरिया कोतवाली क्षेत्र में ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. रिश्ते के चचेरे चाचा ने बच्ची के साथ रेप किया. इसके बाद लोक लाज के डर से घर में ही फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. वहीं, बदायूं में 6 साल की बच्ची से दो नाबालिग बच्चों द्वारा दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.

पहले जानें पीलीभीत में क्या हुआ:पीलीभीत के अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि एक युवक ने अपनी ढाई साल की रिश्ते की भतीजी के साथ दुष्कर्म किया. उसके बाद स्वयं आत्महत्या कर ली है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बच्ची का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. मामले में वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

खेल रही बच्ची को बनाया शिकार:परिजनों ने पुलिस को बताया कि घटना गुरूवार रात करीब 8 बजे की है. ढाई साल की मासूम बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी. तभी उसके 25 वर्षीय चचेरे चाचा ने बहला-फुसलाकर पास बुलाया. बच्ची को छत पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया. जब बच्ची दर्द से चीखने-चिल्लाने लगी, तो आरोपी उसे लहूलुहान हालत में वहीं छोड़कर भाग गया.

बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. बच्ची ने रोते हुए परिजनों को अपनी टूटी-फूटी भाषा में चचेरे चाचा द्वारा की गई करतूत के बारे में बताया.

इधर, परिजनों और ग्रामीणों के एकत्रित होते देख आरोपी चाचा घबरा गया और खुलासे के डर से कमरे में जाकर फांसी लगा ली. परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक नशे का आदी था. वह अक्सर नशे की हालत में रहता था. सूचना मिलते ही दियोरिया थाना प्रभारी गौतम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां विशेषज्ञ डॉक्टर्स की देखरेख में बच्ची का इलाज चल रहा है.

बदायूं में नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास:बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र में 6 वर्षीय बच्ची के साथ 8 वर्ष और 14 वर्ष के नाबालिगों द्वारा दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है.

एसपी सिटी बृजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि दातागंज थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की बात सामने आने पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा है.

दोनों नाबालिक बालकों को माता-पिता के साथ निगरानी में लेकर CWC के समक्ष पेश किया गया. वहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है. पीड़िता का उपचार करवाया जा रहा है. सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है.