
व्यूज की भूख में मौत की धमकी, वायरल वीडियो पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
कोटद्वार। सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने और व्यूज बढ़ाने के लिए दी गई जान से मारने की धमकी अब युवक को भारी पड़ गई। एक आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होते ही पौड़ी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। दिनांक 8 फरवरी को दीपक कुमार, निवासी कोटद्वार, ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है और इसके लिए दो लाख रुपये का इनाम घोषित करने जैसी बात कही गई है। शिकायत सामने आते ही पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और आवश्यक सूचनाओं के आधार पर जांच में सामने आया कि धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाला युवक उत्कर्ष कुमार है, जो मोतिहारी, बिहार का निवासी है। इसके बाद पौड़ी पुलिस ने बिहार पुलिस से निरंतर संपर्क और समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई की और बिहार पुलिस के सहयोग से युवक को नजदीकी थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर फॉलोवर्स नहीं बढ़ रहे थे और दीपक नाम का व्यक्ति सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा था। इसी कारण उसने केवल अपने चैनल की व्यूज और रीच बढ़ाने के उद्देश्य से यह आपत्तिजनक पोस्ट किया। युवक ने यह भी कहा कि वीडियो में दी गई जान से मारने की धमकी का कोई वास्तविक आपराधिक इरादा नहीं था।



