21 Feb 2026, Sat

देहरादून में एक और मर्डर, बेसबॉल बैट से की दोस्त की हत्या, परिजन 9 फरवरी से कर रहे तलाश

खबर शेयर करें-

देहरादून में एक और मर्डर, बेसबॉल बैट से की दोस्त की हत्या, परिजन 9 फरवरी से कर रहे तलाश

 

 

राजधानी में एक और हत्या का मामला सामने आया है. हत्या का आरोप मृतक के तीन दोस्तों पर लगा है.

 

देहरादून: राजधानी देहरादून में क्राइम रेट कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है. पुलिस एक केस सुलझा भी नहीं पाती कि दूसरी आपराधिक घटना सामने आ जाती है. देहरादून के बसंत विहार थाना इलाके से एक नया मामला सामने आया है. पुलिस के पास एक शख्स की गुमशुदमी रिपोर्ट हुई. जांच की गई तो पता चला कि व्यक्ति की मौत हो गई है. नशे में धुत तीन युवकों ने उसकी बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसकी लाश को ठिकाने लगा दिया. आरोपी अभी पुलिस हिरासत में हैं.

 

दरअसल, युवक की हत्या का पता तब चला जब उसके परिवार ने देहरादून नगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. मामले की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि जिस युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, उसकी हत्या कर दी गई थी. हालांकि, पुलिस को अभी तक लाश नहीं मिली है. पुलिस को आरोपियों से लाश के बारे में जानकारी मिली है और वो जल्द ही उसे बरामद कर लेंगे.

 

मामले के बारे में विस्तार से जानिए: पुलिस की ओर से जानकारी मिली कि, दिगंबर धीमान के खिलाफ 2021 में बसंत विहार थाने में POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था. इस मामले में दिगंबर धीमान को जमानत भी मिल गई थी. 9 फरवरी को दिगंबर धीमान की देहरादून कोर्ट में पेशी थी, जिसके लिए वो अपने पिता के साथ 9 फरवरी को कोर्ट गया था. वहां रजिस्टर में उसके साइन भी हैं, लेकिन किसी कारण उसकी पेशी नहीं हो पाई.

 

पुलिस के अनुसार, कोर्ट से निकलने के बाद दिगंबर धीमान ने अपने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वो शाम तक घर वापस आ जाएगा. लेकिन देर शाम तक भी वो घर नहीं लौटा. दिगंबर धीमान ने अपने पिता को बताया था कि वो दोस्तों के साथ बाहर जा रहा है.

 

परिवार ने दिगंबर धीमान को बहुत ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला. आखिर में 11 फरवरी को दिगंबर धीमान के पिता ने देहरादून नगर कोतवाली में बेटे के गुमशुदगी की जानकारी दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच और लोकेशन के आधार पर तीनों आरोपियों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो चौंकाने वाली बात सामने आई. पुलिस के अनुसार, दिगंबर की उसके दोस्तों ने हत्या कर दी और उसका शव भी ठिकाने लगा दिया था.

 

कोर्ट में पेशी के बाद दिगंबर धीमान ने अपने पिता को घर भेज दिया और रेसकोर्स इलाके में अपने दोस्तों के पास गड्ढों वाली गली में चला गया. वहीं एक पार्टी में दिगंबर धीमान और उसके तीन दोस्तों ने रात में शराब पी. नशे में चारों की किसी बात पर बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई. तीनों दोस्तों ने दिगंबर धीमान को बेसबॉल बैट से मारा, जिससे उसकी मौत हो गई.

– अशोक राठौड़, वसंत विहार थाना प्रभारी –

 

पुलिस का कहना है कि, बेसबॉल बैट से दिगंबर धीमान के सिर पर वार किया गया, जो उसकी मौत का कारण बना. पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद तीनों दोस्त घबरा गए और शव को टैक्सी से हरिद्वार लेकर गए जहां शव को ठिकाने लगाकर फरार हो गए. पुलिस का कहना है कि लाश मिलने के बाद जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा