रुद्रपुर विधानसभा से देसी समाज को टिकट देने की उठी मांग, भाजपा कार्यकर्ता भी समर्थन में
रुद्रपुर की राजनीति में इन दिनों आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। चुनावी माहौल बनते ही अब विभिन्न समाज और कार्यकर्ता अपनी पसंद के प्रत्याशी को लेकर आवाज उठाने लगे हैं। इसी क्रम में अब भाजपा के कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग रुद्रपुर विधानसभा सीट से देसी समाज के व्यक्ति को टिकट दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे पोस्टर और संदेश वायरल हो रहे हैं, जिनमें देसी समाज को प्रतिनिधित्व देने की बात कही जा रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि रुद्रपुर विधानसभा सीट से लंबे समय से पंजाबी समाज के नेताओं को टिकट मिलता रहा है, लेकिन अब समय आ गया है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में मौजूद देसी समाज को भी राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया जाए।
भाजपा से जुड़े कई कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि देसी समाज से किसी योग्य और लोकप्रिय व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया जाता है तो इससे समाज में उत्साह बढ़ेगा और पार्टी को भी इसका सकारात्मक लाभ मिल सकता है। उनका कहना है कि देसी समाज हमेशा से पार्टी के साथ खड़ा रहा है, इसलिए अब उसे भी मौका मिलना चाहिए।
वहीं, इस मांग को लेकर क्षेत्र में चर्चा का दौर भी शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर चल रहे पोस्टर और संदेशों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मांग को किस रूप में लेता है और आगामी चुनाव में किसे मैदान में उतारता है






