3 Jun 2026, Wed

सेलून से सोने की चेन और हजारों की नगदी उड़ाई

खबर शेयर करें-

सेलून से सोने की चेन और हजारों की नगदी उड़ाई

 

 

 

रूद्रपुर,आज मध्य रात्रि अज्ञात चोर ने काशीपुर मार्ग पर स्थित एक सेलून शॉप के शटर के ताले तोड़ वहां गल्ले में रखी सोने की चेन व हजारों की नगदी उड़ा ली। प्रातः जब दुकान स्वामी दुकान खोलने आया तो उसे घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा सहित पुलिसकर्मी भी आ गये।

 

छानबीन के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक चोरी करता नजर आया। दुकान स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार लालपुर निवासी मो- फुरकान पुत्र इरफान नवी की काशीपुर मार्ग पर न्यू एक्ट्रेक्शन सैलून नाम से दुकान है। उसने बताया कि रविवार की रात्रि वह करीब 11ः30 बजे दुकान बंद कर घर वापस गया था।

 

आज प्रातः लगभग 9ः30 बजे दुकान खोलने आया तो उसने दुकान के शटर के ताले टूटे देखे। सूचना देने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा व पुलिसकर्मी आ गये। दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखने पर पाया गया कि एक युवक मध्य रात्रि करीब 2ः40 बजे दुकान के भीतर आया और उसने गल्ले को खोला। जिसमें सोने की चेन निकालकर इत्मीनान उसकी गुणवत्ता को परखा और पहन कर देखा।

 

इसके बाद उसने गल्ले में रखी लगभग 60 हजार की नगदी निकाली और वहां से रफूचक्कर हो गया। व्यापारी नेता सेजय जुनेजा ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण नगर में चोरी की घटनायें लगातार बढ़ती जा रही हैं वहीं पुलिस किसी भी घटना का खुलासा भी नहीं कर पा रही है। यदि पुलिस ने अपना लापरवाही का रवैया नहीं बदला तो पुलिस के खिलाफ आन्दोलन शुरू कर दिया जायेगा।