रुद्रपुर में 150 ग्राम स्मैक के साथ सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार, संयुक्त कार्रवाई में सफलता
रुद्रपुर में पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सुरक्षा गार्ड को 150 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नशीला पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर सीज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एएनटीएफ के जवान भी अभियान में शामिल हो गए। सिडकुल ढाल रोड पर चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से काली पॉलिथीन में 150 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील कुमार निवासी बरेली बताया। उसने खुलासा किया कि वह एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है और स्मैक को फुटकर में बेचने का काम करता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और बरामद स्मैक को सील कर लिया है, साथ ही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






