3 Jun 2026, Wed
खबर शेयर करें-

पीएम दौरे के बीच सियासी बवाल… कांग्रेस का ‘मोदी गो बैक’ प्रदर्शन, प्रशासन अलर्ट

 

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को लेकर मंगलवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं ने उनके दौरे का विरोध करते हुए “मोदी गो बैक” के नारे लगाए और जोरदार प्रदर्शन किया।

 

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता जौलीग्रांट एयरपोर्ट की ओर कूच कर रहे थे। उनका कहना था कि वे प्रधानमंत्री से मिलकर क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल सहित कई नेता प्रदर्शन में शामिल रहे। हालांकि, कोतवाली के पास ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया और आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।

 

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और एंट्री भी पहले ही सीमित कर दी गई थी। इससे प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखने को मिली। पुलिस-प्रशासन पूरे घटनाक्रम के दौरान सतर्क रहा और किसी भी तरह की स्थिति बिगड़ने नहीं दी।

 

इधर, प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल भी बना रहा। प्रधानमंत्री देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड पहुंचे हैं, जिसे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना माना जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे उनकी एक झलक पाने के लिए सुबह से ही मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री का लगभग 12 किलोमीटर लंबा रोड शो प्रस्तावित है। इस पूरे मार्ग को आकर्षक रूप से सजाया गया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।