3 Jun 2026, Wed

रामनगर में यूकेडी का शक्ति प्रदर्शन, 2027 चुनाव में “तीसरा विकल्प” बनने का दावा

खबर शेयर करें-

रामनगर में यूकेडी का शक्ति प्रदर्शन, 2027 चुनाव में “तीसरा विकल्प” बनने का दावा

 

 

रामनगर में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए एक विशाल जिप्सी रैली निकाली। पीरूमदारा क्षेत्र से शुरू हुई यह रैली ग्रामीण इलाकों से गुजरते हुए शहर तक पहुंची, जहां जगह-जगह लोगों ने इसका स्वागत किया। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिली, जिससे पार्टी के बढ़ते जनाधार का संकेत मिला।

रैली को संबोधित करते हुए यूकेडी के संरक्षक और पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के शहीदों के सपनों के साथ धोखा हुआ है और पिछले 25 वर्षों में दोनों दलों ने केवल सत्ता का लाभ उठाया है। ऐरी ने कहा, “हमने राज्य बनाया है, अब हम ही इसे संवारेंगे और बचाएंगे।”

उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई और जल-जंगल-जमीन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। साथ ही राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में उत्तराखंड की बड़ी संपत्तियां अब भी लंबित हैं और प्रदेश पर कर्ज बढ़ता जा रहा है।

यूकेडी ने 2027 चुनाव में सभी 70 सीटों पर उतरने की तैयारी का ऐलान किया, हालांकि समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन की संभावना भी जताई गई। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने जनता से समर्थन की अपील करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।