रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप में गैस सिलेंडर फटा:खाना बनाते समय चार लोग झुलसे, दीवारें क्षतिग्रस्त
उत्तराखंड,रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटने से चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना चामुंडा मंदिर शिव नगर में एक किराए के मकान में हुई, जहां सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान कुमार सेन, अंकित कुमार, सत्यवीर सिंह और सुमित कुमार के रूप में हुई है। ये सभी सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत हैं और एक ही किराए के मकान में सामूहिक रूप से रहते थे। वे भोजन और अन्य व्यवस्थाएं साझा करते थे।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक कमरे में गैस सिलेंडर पर खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में तेज धमाका हुआ और आग की लपटें तेजी से पूरे कमरे में फैल गईं। इसके बाद कमरे में रखे दो बड़े घरेलू सिलेंडर और एक छोटा सिलेंडर भी एक के बाद एक फटने लगे।
लगातार हुए धमाकों से कमरे की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। आग की चपेट में आने के बावजूद चारों युवक किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
अग्निशमन अधिकारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि आग काफी हद तक पहले ही फैल चुकी थी, जिससे कमरे की दीवार गिर गई और लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेज दिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि सिलेंडर में विस्फोट किस कारण हुआ। शुरुआती तौर पर गैस रिसाव या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






