3 Jun 2026, Wed

हीट वेव से बचाव के लिए स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ अनिवार्य, मुख्य सचिव के सख्त निर्देश

खबर शेयर करें-

हीट वेव से बचाव के लिए स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ अनिवार्य, मुख्य सचिव के सख्त निर्देश

 

भीषण गर्मी पर सख्ती—स्कूलों में बजेगी ‘वॉटर बेल’, हीट वेव से बचाव के लिए सरकार अलर्ट

देहरादून। आनंद बर्द्धन ने राज्य में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए व्यापक तैयारियों के निर्देश दिए हैं। बुधवार को उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी विद्यालयों में नियमित अंतराल पर ‘वॉटर बेल’ बजाने को अनिवार्य करने के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राएं समय-समय पर पानी पीकर डिहाइड्रेशन से बच सकें।

मुख्य सचिव ने स्कूलों के समय में आवश्यक बदलाव, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन और ओआरएस व दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्यार्थियों को हीट वेव से बचाव के व्यवहारिक उपायों की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जल संकट वाले क्षेत्रों में निर्माण कार्यों पर अस्थायी रोक लगाई जाए और सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने राज्य से ग्राम स्तर तक समन्वित कार्ययोजना बनाने, प्रत्येक जिले में हीट वेव एक्शन प्लान तैयार करने और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। 24×7 कंट्रोल रूम संचालन के माध्यम से आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए अस्पतालों में पर्याप्त बेड, दवाइयां, ओआरएस, आइस पैक और प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों और खुले में काम करने वालों के लिए कार्य समय में बदलाव, छायादार विश्राम स्थल और पानी की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया गया। बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।