टिहरी में भीषण सड़क हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी मैक्स, 8 लोगों की मौत
जिले के चंबा–कोटि मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नैल के समीप एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में कुल 10 लोग सवार थे, जो ऋषिकेश से क्रियाकर्म में शामिल होकर वापस घनसाली लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह और एसएसपी श्वेता चौबे मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी की।
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के निवासी थे। प्रशासन ने हादसे की जांच के निर्देश दे दिए हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।






