सीएम पुष्कर सिंह धामी ने “द एस्ट्रोनॉमिकल इमेजरी” का किया विमोचन, उत्तराखंड के वैज्ञानिकों को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ब्रिटेन के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन गृह ‘कैंब्रिज स्कॉलर्स पब्लिशिंग’ से प्रकाशित पुस्तक “द एस्ट्रोनॉमिकल इमेजरी: अनवेलिंग द फिजिक्स ऑफ स्पेस एंड एटमॉस्फेरिक वंडर्स” का विधिवत विमोचन किया। यह पुस्तक अंतरिक्ष एवं वायुमंडलीय विज्ञान की भौतिकी को सरल और व्यापक रूप में प्रस्तुत करती है, जो वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों और जिज्ञासुओं के लिए अत्यंत उपयोगी मानी जा रही है।
इस पुस्तक का संपादन डॉ योगेश पांडे, मंजुलेश्वर पंडा, डॉ देवेंद्र बिष्ट और डॉ दीपक पांडे के नेतृत्व में किया गया है। डॉ योगेश पांडे राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर (कुमाऊं विश्वविद्यालय) में सहायक प्राध्यापक हैं, जबकि मंजुलेश्वर पंडा स्वतंत्र खगोल विज्ञान शोधकर्ता एवं आईआईटी इंदौर के पूर्व शोध प्रशिक्षु रहे हैं। डॉ देवेंद्र बिष्ट भारतीय अंतरिक्ष भौतिकी केंद्र, कोलकाता में और डॉ दीपक पांडे ग्राफिक एरा पर्वतीय विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं।
पुस्तक में खगोलीय बिम्बविधान, अंतरिक्ष और वायुमंडल में प्रकाशिकी, दूरबीन एवं उपग्रह आधारित इमेजिंग, वायुमंडलीय घटनाओं, तारकीय अध्ययन, उच्च-ऊर्जा खगोल भौतिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग और मौसम व जलवायु पूर्वानुमान जैसे विषयों को विस्तार से शामिल किया गया है। इस परियोजना में भारत सहित अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, जर्मनी, चीन, यूएई और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिससे यह पुस्तक वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर संपादक मंडल को बधाई देते हुए कहा कि यह कृति उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में युवा वैज्ञानिकों को प्रेरित करेगी। उन्होंने डॉ योगेश पांडे को भविष्य में भी शोध और लेखन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
यह पुस्तक अब कैंब्रिज स्कॉलर्स पब्लिशिंग की आधिकारिक वेबसाइट और अमेजन सहित वैश्विक प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान मानी जा रही है।






