टिहरी: पूर्व कैबिनेट मंत्री की पत्नी अंबिका सजवाण पर केस दर्ज करने के निर्देश, 3 परिवार किए गए शिफ्ट

टिहरी, उत्तराखंड। कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण की पत्नी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंबिका सजवाण की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। नई टिहरी के सी-ब्लॉक में कथित अवैज्ञानिक भू-कटान और खुदाई के मामले में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार, सी-ब्लॉक स्थित भूखंड संख्या P-06 और P-07 पर विकास कार्य के दौरान कराई गई गहरी और अनियोजित खुदाई से आसपास के सरकारी और निजी आवासों की नींव प्रभावित हुई है। इससे क्षेत्र में भू-धंसाव की स्थिति बनी और कई मकानों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो गया।

बताया गया है कि संबंधित भूखंड अंबिका सजवाण ने मूल विस्थापित पात्र प्रमिला असवाल और पृथ्वीराज कवि से खरीदे थे। प्रशासन का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण आसपास के लोगों की जान-माल पर खतरा उत्पन्न हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी है और तीन परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि अनियोजित भू-कटान से संभावित नुकसान को देखते हुए कार्रवाई की जा रही है। वहीं, एसडीएम के निर्देश पर कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।
उधर, शिकायतकर्ता बलबीर सिंह का कहना है कि पुनर्वास विभाग की कथित त्रुटियों के कारण उन्हें 27 वर्ष बाद अपना घर छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट होना पड़ रहा है।
कोतवाली निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि एसडीएम के आदेश के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#उत्तराखंड #टिहरी #AmbikaSajwan #BreakingNews #Congress #संवादNews9






