3 Jun 2026, Wed

किम जोंग उन को कुछ हुआ तो होगा ऑटोमैटिक न्यूक्लियर अटैक

खबर शेयर करें-

किम जोंग उन को कुछ हुआ तो होगा ऑटोमैटिक न्यूक्लियर अटैक

 

उत्तर कोरिया के नए संविधान में बड़ा बदलाव, सेना को मिला स्वतः परमाणु जवाबी कार्रवाई का अधिकार

 

प्योंगयांग। उत्तर कोरिया ने अपने संविधान और सैन्य नीति में बड़ा बदलाव करते हुए परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को लेकर सख्त और खतरनाक प्रावधान लागू कर दिए हैं। नई व्यवस्था के अनुसार यदि देश के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन की हत्या हो जाती है, या किसी विदेशी हमले में उत्तर कोरिया की कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली नष्ट हो जाती है, तो सेना बिना किसी अतिरिक्त आदेश के स्वतः परमाणु हमला कर सकेगी।

 

उत्तर कोरिया का कहना है कि यह कदम देश की सुरक्षा और दुश्मनों को चेतावनी देने के लिए उठाया गया है। नई नीति के तहत परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का फैसला केवल नेता के जीवित रहने पर निर्भर नहीं रहेगा, बल्कि आपात स्थिति में सैन्य तंत्र खुद कार्रवाई करेगा।

 

विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव दुनिया के लिए चिंता बढ़ाने वाला है, क्योंकि इससे किसी भी तनावपूर्ण स्थिति में परमाणु युद्ध का खतरा और बढ़ सकता है। अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान पहले ही उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंता जता चुके हैं।

 

उत्तर कोरिया लगातार अपने मिसाइल और परमाणु कार्यक्रम को मजबूत करने में लगा हुआ है। हाल के वर्षों में उसने कई बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण किए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ा है। अब नए संवैधानिक बदलाव के बाद वैश्विक सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं।