खराब मौसम के चलते अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके राहुल गांधी, पंतनगर से मोबाइल पर किया कार्यक्रम संबोधित
पंतनगर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। हालांकि खराब मौसम के कारण उनका अल्मोड़ा दौरा प्रभावित हो गया। दिल्ली से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुआ उनका विमान मौसम प्रतिकूल होने के चलते वहां लैंड नहीं कर सका, जिसके बाद विमान को पंतनगर एयरपोर्ट पर उतारा गया।
पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। नेताओं ने राहुल गांधी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
अल्मोड़ा में पूर्व सैनिकों के लिए आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राहुल गांधी को शामिल होना था, लेकिन मौसम की खराबी के कारण वहां नहीं पहुंच पाने पर उन्होंने पंतनगर से ही मोबाइल फोन के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
राहुल गांधी के आगमन पर एयरपोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका स्वागत किया और उनके प्रति अपना समर्थन जताया।
राजनीतिक दृष्टि से राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वह पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस इस दौरे को राज्य में संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियान को गति देने के रूप में देख रही है।






