4 Jun 2026, Thu

8 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की तैयारी पूरी

खबर शेयर करें-

8 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की तैयारी

 

जिले में मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान 8 जून से शुरू किया जाएगा। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। जिला प्रशासन ने आमजन से सहयोग करते हुए सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने हल्द्वानी स्थित एनआईसी सभागार में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की समीक्षा की।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने कहा कि मतदाता सूची का नियमित और सटीक पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना एवं सत्यापन कार्य करेंगे। इसके लिए सभी तहसीलों में गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है।

प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 जुलाई को मतदान केंद्रों का युक्तिकरण, 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन, जबकि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ के घर पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेज एवं सही जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाया जा सके।