13 Jun 2026, Sat

जून के पहले वीकेंड पर हरिद्वार में बढ़ा भीड़ का दबाव, हाईवे पर रेंगते नजर आए वाहन, लोग परेशान

खबर शेयर करें-

जून के पहले वीकेंड पर हरिद्वार में बढ़ा भीड़ का दबाव, हाईवे पर रेंगते नजर आए वाहन, लोग परेशान

 

 

वीकेंड पर हरिद्वार में टूरिस्ट की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए.

 

जून के पहले वीकेंड पर हरिद्वार में बढ़ा भीड़ का दबाव

हरिद्वार: आज 7 जून, महीना का पहला वीकेंड है और हरिद्वार में हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है. सुबह से ही बहादराबाद, सिंहद्वार शंकराचार्य चौक, चंडी घाट चौक, पंतद्वीप पार्किंग और उत्तरी हरिद्वार के कई क्षेत्रों में हाईवे पर ट्रैफिक जाम लगा हुआ है और वाहन रेंगकर चलते हुए नजर आ रहे हैं. जाम के कारण लोगों को पार्किंग तक पहुंचने में मिनटों का सफर तय करने में घंटों लग रहे हैं. वहीं जाम को खुलवाने में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए.

 

दरअसल, जून के महीने में स्कूलों की छुट्टियां शुरू हो गई है. उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पहले ही चरम पर है और वीकेंड के कारण भी लोग छुट्टियां मनाने के लिए घर से निकल रहे हैं. इसके अलावा बड़ी संख्या में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी के लोग हरिद्वार, ऋषिकेश और अन्य पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं. रविवार के दिन हरिद्वार में हाईवे पर वाहन रेंगते हुए नजर आए. मिनटो की दूरी तय करने में यात्रियों को घंटे लग गए. तेज धूप के कारण जाम में फंसे लोगों के पसीने छूट गए. हरिद्वार में आलम ये है कि हरिद्वार की पंतदीप, दीनदयाल, खड्डा पार्किंग समेत सभी छोटी बड़ी पार्किंग भी गाड़ियों से पैक हो गई. हरिद्वार के चौक चौराहों पर खड़े ट्रैफिक पुलिस और सिविल पुलिस के जवानों के जाम को खुलवाने में पसीने छूट गए.

 

दरअसल, हरिद्वार में हरकी पैड़ी, चंडी देवी और मनसा देवी मंदिर होने के साथ ही कई मठ मंदिर हैं. खासकर हरकी पैड़ी पर गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. ऊपर से जून के महीने में गर्मियों की छुट्टियां पड़ते ही, भीड़ का दबाव भी बढ़ गया. इस बार वीकेंड पर हाईवे के साथ ही हरिद्वार शहर के बाजारों में भी यात्रियों की रौनक नजर आई. हालांकि, भीड़ और जाम के चलते जहां स्थानीय लोग परेशान हुए, वहीं जाम में फंसे यात्रियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

 

क्या बोले यात्री: गाजियाबाद से आए यात्री अमित ने बताया कि,

 

घर से सुबह साढ़े छह बजे चला था. परिवार के साथ उन्हें हरकी पैड़ी पर जाना था. लेकिन एक घंटे से जाम में फंसे हुए हैं. गूगल भी सही रास्ता नहीं बता रहा है. सोचा था स्नान करके शाम को घर वापस लौट जाएंगे, लेकिन पूरा दिन सफर में ही गुजर गया. प्रशासन को ट्रैफिक प्लान बनाना चाहिए, ताकि जाम न लगे. ऊपर से कई जगह डायवर्जन किया हुआ है.

-अमित, यात्री गाजियाबाद-

 

स्नान के लिए हरकी पैड़ी जाना था. लेकिन जाम में फंसे घंटों बीत गए. इससे पहले हरिद्वार में ऐसा जाम नहीं देखा है. ऊपर से गर्मी से और ज्यादा दिक्कत बढ़ गई है.

-दीपक, यात्री हरियाणा-

 

वहीं बाइक सवार यात्री सूरज ने बताया कि उन्हें राफ्टिंग के लिए ऋषिकेश जाना था. लेकिन हरिद्वार में ही घंटों लग गए हैं. पिछले कई दिनों से शनिवार और रविवार को हरिद्वार में जाम मिल रहा है. इसलिए ट्रैफिक प्लान देखकर ही घर से निकलना चाहिए.

 

सभी चौक चौराहों पर ड्यूटी लगाई गई है. पार्किंग के आसपास ट्रैफिक रुककर चल रहा है. लोगों से यातयात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है.