12 Jun 2026, Fri

UKSSSC परीक्षा को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस अलर्ट, निष्पक्ष परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम

खबर शेयर करें-

UKSSSC परीक्षा को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस अलर्ट, निष्पक्ष परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम

 

 

रुद्रपुर। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की आगामी परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

 

एसएसपी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा अभ्यर्थियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा में नकल कराने, अव्यवस्था फैलाने, फर्जी अभ्यर्थियों को प्रवेश दिलाने या किसी भी प्रकार से परीक्षा प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी और अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

 

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें, आयोग के सभी नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है।