दिल्ली के कालकाजी में रेस्टोरेंट में भीषण आग, 3 एलपीजी सिलेंडर फटे, महिला को सुरक्षित निकाला गया

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है.

नई दिल्ली: दिल्ली के कालकाजी इलाके में रविवार तड़के एक रेस्टोरेंट और उससे जुड़े भवन में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि तीन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों में धमाके हुए. हालांकि, दमकल कर्मियों ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए दूसरी मंजिल पर फंसी एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

घटना कालकाजी से गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास स्थित रेस्टोरेंट की है. सुबह करीब 4 बजकर 45 मिनट पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची. शुरुआती तौर पर छह फायर यूनिट्स को रवाना किया गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए मेक-4 घोषित कर अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया.
फायर अधिकारियों के मुताबिक आग बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर से लेकर तीसरी मंजिल तक फैली हुई थी. वहीं तीसरी मंजिल की छत पर बने अस्थायी ढांचे को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया. आग के दौरान तीन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड और तीन मंजिलें मौजूद थीं. आग लगने के दौरान दूसरी मंजिल पर 70 से 75 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला, सीता देवी, फंस गई थीं. दिल्ली फायर सर्विस के जवानों ने जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सीता देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
9 गाड़ियों पहुंची मौके पर
आग बुझाने के लिए कुल 9 फायर यूनिट्स को लगाया गया, जिनमें वॉटर टेंडर, वॉटर बाउजर, ब्रेथिंग सपोर्ट यूनिट और मल्टीपर्पज वाहन शामिल रहे. एडीओ यशवंत, एडीओ सरबजीत, एसटीओ फूल सिंह, एसटीओ मनीष कुमार और एसओ राज कुमार की निगरानी में ऑपरेशन चलाया गया.
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. राहत की बात यह है कि समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते एक बड़ी जनहानि टल गई.






