कोर्ट में ‘टोटका’ पड़ा भारी, केस जीतने के चक्कर में 65 वर्षीय महिला पहुंची जेल

कर्नाटक के चिकबल्लापुर से अंधविश्वास का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जमीन विवाद में फैसला अपने पक्ष में कराने की कोशिश एक 65 वर्षीय महिला को भारी पड़ गई। महिला ने कथित तौर पर जज की कुर्सी और मेज पर सरसों के दाने छिड़ककर ‘टोटका’ किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई की सुबह प्रथम अतिरिक्त सिविल एवं जेएमएफसी कोर्ट में कोर्ट कर्मचारियों ने जज की कुर्सी और डायस पर सरसों के दाने देखे। संदेह होने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें महिला यह हरकत करती हुई दिखाई दी।

आरोपी की पहचान मंजुला (65) के रूप में हुई है, जो चिकबल्लापुर की निवासी है। पुलिस पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसका जमीन का मामला कोर्ट में चल रहा था और वह फैसला अपने पक्ष में करवाने के लिए यह टोटका कर रही थी।
कोर्ट प्रशासन की शिकायत पर महिला के खिलाफ ‘कर्नाटक अमानवीय दुराचार और अंधविश्वास निवारण एवं उन्मूलन अधिनियम’ के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
#Karnataka #Chikkaballapur #Court #BlackMagic #Superstition #BreakingNews #संवादNews9






