28 Sep 2026, Mon

अमरोहा फार्म हाउस दुष्कर्म मामला, सामने आये खानपुर विधायक, 

खबर शेयर करें-

अमरोहा फार्म हाउस दुष्कर्म मामला, सामने आये खानपुर विधायक,

 

 

उमेश कुमार शर्मा ने कहा कुछ लोग उनसे ईर्ष्या रखते हैं. वे जानबूझकर उनके नाम को उछाल रहे हैं.

 

लक्सर: अमरोहा फार्म हाउस दुष्कर्म मामले में खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा का बयान आया है. मामले में खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा विपक्ष के लोग इस घटना को बेवजह राजनीतिक तूल दे रहे हैं. यह कहना कि उन्हें घटना की पहले से जानकारी थी, पूरी तरह से गलत और निराधार है.

 

खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि फार्म हाउस पर आए लोगों ने वहां मौजूद केयरटेकर को एक बड़े मामले में जांच-पड़ताल का हवाला दिया था. उन्होंने केयरटेकर से कहा था कि उनके साथ जो महिला है, वह एक बड़ी जांच अधिकारी है. उनके साथ सीआरपीएफ का एक जवान, एक पुलिसकर्मी और स्थानीय दरोगा भी मौजूद है. इसी बहाने वे फार्म हाउस में रुके थे.

 

खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने कहा जिस समय यह घटना हुई, उस समय वह लंढौरा में आयोजित एक रोड शो में शामिल थे. रोड शो रात करीब 11 बजे समाप्त हुआ. जिसके बाद वह रुड़की स्थित अपने आवास पर रुक गए थे. उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी गुरुवार सुबह लगी. उन्होंने बताया कि इससे पहले ही फार्म हाउस पर मौजूद केयरटेकर ने पूरी घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी थी.

 

उमेश कुमार ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यूपी पुलिस ने मामले में तत्काल और निष्पक्ष रूप से कार्रवाई की है, जो बिल्कुल सही है. उन्होंने मांग की कि पुलिस मामले की निष्पक्ष और गहनता से जांच करे ताकि जो भी दोषी हो, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिल सके.

 

उन्होंने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि कुछ लोग उनसे ईर्ष्या रखते हैं और जानबूझकर उनके नाम को उछाल रहे हैं, लेकिन उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने कहा वह विकास पुरुष हैं. हमेशा विकास की राजनीति करते हैं. कुछ दिन पहले कुछ लोगों ने यह अफवाह भी फैलाई थी कि यह फार्म हाउस क्रिकेटर मोहम्मद शमी का है.उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने अमरोहा स्थित फार्म हाउस पर साल में एक-दो बार ही जाते हैं. इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है. पुलिस की जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा.