ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रुद्रपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा

डीडी चौक पर पुतला दहन, कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

रुद्रपुर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रुद्रपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और डीडी चौक पर पुतला दहन किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

सोमवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सिटी क्लब में एकत्र हुए। यहां हुई बैठक में केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अपने विचार रखे। बैठक के बाद सिटी क्लब से डीडी चौक तक विरोध जुलूस निकाला गया। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।
डीडी चौक पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। आर्य ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
उत्तराखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी मनोज यादव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्षी दलों की शिकायतों और मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का यह आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े सवालों को लेकर है।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दों पर अपनी आपत्तियां राष्ट्रपति तक पहुंचाईं। कांग्रेस की ओर से इन मुद्दों को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया था।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, विधायक गोपाल सिंह राणा, विधायक भुवन कापड़ी, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक नारायण पाल, संदीप चीमा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पुष्कर राज जैन, राजेंद्र सिंह पट्टू, जितेंद्र सरस्वती, अलका पाल, अनुपम शर्मा, मुशर्रफ हुसैन, डॉ. करणपाल, शराफत, रियासत हुसैन, योगेश चौहान, ममता हालदार, भूपेश सोनी, शिशुपाल यादव, विजय यादव, खजान चंद गुड्डू, अजय नारायण, मन्नू चौधरी, राजेश सिंह, मनजोत, हरभजन सिंह, डॉ. अजय सिंह, गोपाल भसीन, सुनील चुघ, राकेश कोली, गौरव बेहड़, संजय जुनेजा, प्रीति साना, सुमित्रा भुल्लर, उत्तम आचार्य, रईस अहमद, हरभजन सिंह विर्क, त्रिनाथ विश्वास, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस के मुताबिक प्रदर्शन में जिलेभर से पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।






