1 Mar 2026, Sun

₹200 के लिए साथी ने कर दी अपने ही साथी की हत्या

खबर शेयर करें-

200 रुपये के विवाद में राजमिस्त्री की हत्या, साथी मजदूर फरार

 

हरिद्वार: महज 200 रुपये के विवाद ने एक मजदूर की जान ले ली। उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में एक राजमिस्त्री की उसके साथी ने गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की सुबह शांतिकुंज के पास स्थित एक निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामनिवास (निवासी पुंवाया, शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि रामनिवास की गला दबाकर हत्या की गई थी। जांच में पता चला कि 13 अक्टूबर की रात रामनिवास का साथी मजदूर सतेंद्र (निवासी गांव खटकी, परीक्षितगढ़, मेरठ) से 200 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के बाद सतेंद्र मौके से फरार हो गया।

मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सतेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।