
सोसायटी अध्यक्ष ने कराया महिला टीचर की मौत के मामले मेें मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर : कौशल्या इंक्लेव फेस-2, रुद्रपुर में एक महिला टीचर की जलकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने महिला टीचर के साथ रहने वाले व्यक्ति व उसकी सफाई वाली के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
कौशल्या इंक्लेव फेस-2, रुद्रपुर सोसायटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र पाल पुत्र ब्रजलाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कालोनी में एक टीचर सुषमा पंत 7-8 वर्ष से अजय मिश्रा नाम के व्यक्ति के साथ अपने मकान में निवास करती चली आ रही थी। दिनांक 25.10.2025 की सुबह करीब सुबह 8 बजे वह उनके घर पर आयी और उक्त अजय मिश्रा नाम के व्यक्ति की शिकायत करते हुये बोली कि अजय मिश्रा मेरे साथ शरीरिक व मानसिक क्रूरता करता है व नशीली दवाईयां देता है और मुझे पागल करना चाहता है।
सुषमा पंत ने उन्हें बताया कि जिसमें उसके साथ उनकी सफाई कर्मचारी विमला वाल्मिकी भी मिली हुई है, जिसको खुद अजय मिश्रा ने ही काम पर रखा है। सुषमा ने उनसे कहा कि उक्त दोनों लोगों को मेरे मकान से निकलवा दो, जिससे मेरी जान बच जाये। उसके बाद दिनांक 26.10.2025 की सुबह के लगभग 9 बजे सुषमा पंत फिर उनके पास आयी और कहा कि सर मैंने आपको पहले भी बताया था लेकिन आप जल्दी कोई कार्यवाही करो, वरना आज उक्त दोनों लोग मुझे जान से मार देंगे, आज उन्होंने मेरे साथ बहुत मारपीट की है और धमकी दी है कि मुझे जान से मार देंगे।
सुरेन्द्र पाल ने बताया कि उन्हांने जब आस पड़ोस में उक्त लोगों के बारे में छान-बीन की तो पड़ोस के लोगों ने बताया कि हां, उक्त लोगों के घर से बहुत चीखने चिल्लाने की आवाज आती है। वह कोई कार्यवाही करते उसके पहले दिनांक 28.10.2025 को सुषमा पंत के घर से धुआं निकलता देखकर पडोसी ने उन्हें कॉल करके बताया कि सुषमा पंत के घर से धुआं निकल रहा है और घर के गेट पर ताला लगा है। जब वह वहां पहुँचे तो वहां भीड़ लगी थी, जब लोगों ने वहां का ताला खोलने को बोला तो वहां भीड में अजय मिश्रा मौजूद था जो बोला कि वह जलकर मर गई है, अब ताला खोलने से कुछ नहीं होगा, ताला उसने ही लगाया था, लोगों ने उसे पकड़ना चाहा तो वह वहां से भाग गया।
सुरेन्द्र पाल ने कहा कि उन्हें पूरा अंदेशा है कि अजय मिश्रा व कामवाली विमला वाल्मिकी ने मिलकर उक्त अध्यापिका को साजिशन जलाकर मार दिया है। उन्होंने उक्त दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
- सुरेन्द्र पाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अजय मिश्रा व विमला वाल्मीकि के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई मोहन चन्द्र जोशी के हवाले की गई है।



