
लोकसभा में उठा उत्तराखंड का हॉर्टीकल्चर टूरिज्म मुद्दा,सांसद अजय भट्ट ने रखी विशेष मांग
लोकसभा के शून्यकाल में नैनीताल–उधम सिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने उत्तराखंड में हॉर्टीकल्चर टूरिज्म को मजबूती देने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ क्षेत्र में फल, फूल और बागवानी आधारित पर्यटन की अपार संभावनाएँ हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल परियोजना के रूप में विकसित किया जा सकता है।
भट्ट ने केंद्र सरकार से विशेष बजट, आधुनिक तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि हॉर्टीकल्चर टूरिज्म ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़ा बल देगा और युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर खोलेगा।
इसी दौरान सांसद अजय भट्ट ने अतारांकिक प्रश्न में देशभर और विशेषकर उत्तराखंड में SC/ST समुदाय को मिले रोजगार अवसरों पर भी जानकारी मांगी। जवाब में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अनुसूचित जाति व जनजाति समुदाय के लिए मंत्रालय 3.75% ब्याज पर वेंचर कैपिटल फंड, 30 लाख तक की वित्तीय सहायता और 1.25 लाख से 45 लाख तक मियादी ऋण उपलब्ध कराता है।
2022–23 – 154 पुरुष, 90 महिला लाभार्थी
2023–24 – 6 पुरुष, 2 महिला लाभार्थी
2024–25 – 317 पुरुष, 311 महिला लाभार्थी
सांसद भट्ट द्वारा उठाए गए मुद्दों ने उत्तराखंड में रोजगार, उद्यमिता और हॉर्टीकल्चर टूरिज्म को नई गति देने की उम्मीद जगा दी है।



