30 Sep 2026, Wed

हिंदू रक्षा दल जिलाध्यक्ष को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

खबर शेयर करें-

हिंदू रक्षा दल जिलाध्यक्ष को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

 

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान पर फायरिंग कर दी। गोली कंधे को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

 

जानकारी के अनुसार, पनियाला निवासी विशाल चौहान कार से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल विशाल चौहान को रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

 

बताया जा रहा है कि गोलीकांड की कड़ी सोमवार रात हुए एक विवाद से जुड़ी हो सकती है। मेले में विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के बीच मारपीट होने की बात सामने आई है। वहीं, एक राजनीतिक दल के नेता के समर्थकों पर भी हमले से जुड़े होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हमलावरों की तलाश के साथ ही घटना के पीछे की वजह और सोमवार रात हुए विवाद के संबंध में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही गोलीकांड की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।