एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव संपन्न, आर्यन बेलवाल के सिर सजा अध्यक्ष का ताज

मेहुल साह दूसरे, एबीवीपी के धीरज बिष्ट तीसरे स्थान पर रहे

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में मंगलवार देर रात मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 1723 मत हासिल किए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मेहुल साह को 1257 मत मिले, जबकि एबीवीपी के धीरज बिष्ट 988 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। आर्यन बेलवाल ने मेहुल साह को 466 मतों के अंतर से शिकस्त दी।

उपाध्यक्ष पद पर पूरन सिंह मेवाड़ी ने 1411 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने वशिष्ठ कुमार को 145 मतों से हराया। वशिष्ठ कुमार को 1266 मत मिले।
छात्रा उपाध्यक्ष पद पर दीपा रैकुनी विजयी रहीं। उन्हें 1970 मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्रेया पांडे को 1667 मत प्राप्त हुए। दीपा ने 303 मतों से जीत दर्ज की।
सचिव पद पर सार्थक रस्तोगी ने 2066 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने भविष्य रावत को 394 मतों से पराजित किया। भविष्य रावत को 1672 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर अक्षिता आर्या ने 1857 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी दीपा बिनवाल को 1478 मत मिले। अक्षिता 379 मतों से विजयी रहीं।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर यतिन पांडे ने 1990 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी करन सिंह डोवाल को 805 मतों के बड़े अंतर से हराया।
संकाय प्रतिनिधि पदों पर विज्ञान संकाय से कोमल आर्या को 205 मत, वाणिज्य संकाय से आयुष माहेश्वरी को 95 मत और कला संकाय से अदिति पाठक को 133 मत प्राप्त हुए और तीनों विजयी रहे।
चुनाव में मतदाताओं ने विभिन्न पदों पर कुल 587 बार नोटा का भी प्रयोग किया। वहीं सभी पदों पर मिलाकर 1404 मत निरस्त किए गए।
मतगणना के बाद देर रात कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी विजेता प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। प्राचार्य एनएस बनकोटी ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव परिणाम के साथ ही नई छात्रसंघ टीम का गठन हो गया है।






