रुद्रपुर में खेल महाकुंभ का आगाज, महापौर विकास शर्मा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
रुद्रपुर। मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी के तहत विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ हुआ। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन महापौर विकास शर्मा ने किया। उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और खेल मंत्री रेखा आर्या के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से उत्तराखंड को वेलोड्रोम, इंडोर स्टेडियम और आधुनिक एथलेटिक्स ट्रैक जैसी स्थायी खेल सुविधाएं मिली हैं। खेल नीति के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में अवसर देने की व्यवस्था की गई है।

महापौर ने कहा कि खेल महाकुंभ ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच दे रहा है। विधानसभा और ब्लॉक स्तर से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालिका अंडर-14 लंबी कूद में बिगवाड़ा की तृप्ति आनंद ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-19 की 100 मीटर दौड़ में नारायणपुर की निशा ने स्वर्ण पदक जीता। बालिका अंडर-14 और अंडर-19 वॉलीबॉल में आरएएन स्कूल की टीम विजेता रही।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हिमांशु कुमार, खेल प्रशिक्षक अखिलेश मंडल, ब्लॉक खेल समन्वयक कमल किशोर सक्सेना, उद्घोषक हरीश दनाई, धीरज पांडे समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
स्थानीय मैदान से राष्ट्रीय मंच तक—खेल महाकुंभ उत्तराखंड की युवा प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने का एक अहम मंच बनकर सामने आया है।
#रुद्रपुर #खेलमहाकुंभ #उत्तराखंड #VikasSharma #Sports #UttarakhandNews #संवादNews9






