अवैध खनन व डंपरों से वसूली पर भड़के पूर्व विधायक ठुकराल, पुलिस पर उठाए सवाल
रुद्रपुर।
जनपद उधमसिंह नगर में अवैध खनन और ओवरलोडेड डंपरों के संचालन के बीच हो रही कथित अवैध वसूली को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस संबंध में एसएसपी और एसपी सिटी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
ठुकराल का कहना है कि जिले में सत्ताधारी नेताओं के संरक्षण में डंपर चालकों से खुलेआम उगाही की जा रही है, जिससे पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि जाफरपुर निवासी डंपर स्वामी रामसिंह ने 16 अप्रैल को रुद्रपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी, जिसमें विकास सागर नामक व्यक्ति पर पुलिस के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया है।
पूर्व विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शिकायत और साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद दो सप्ताह बीत जाने पर भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने इसे पुलिस की संदिग्ध कार्यप्रणाली और राजनीतिक दबाव का परिणाम बताया।
ज्ञापन में ठुकराल ने कुंडा थाना क्षेत्र के सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पहले भी पुलिस की निष्क्रियता के चलते गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन फिर किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है।
ठुकराल ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध खनन और ओवरलोडिंग में शामिल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा अवैध वसूली में संलिप्त पुलिस कर्मियों व अन्य लोगों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनहित में आंदोलन और धरना देने के लिए बाध्य होंगे।





