14 Jul 2026, Tue

लोअर मालरोड की मरम्मत में लापरवाही पर सख्त हुए कुमाऊं आयुक्त, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से मांगा जवाब

खबर शेयर करें-

लोअर मालरोड की मरम्मत में लापरवाही पर सख्त हुए कुमाऊं आयुक्त, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से मांगा जवाब

 

 

संवाद न्यूज़ 9 | नैनीताल। नैनीताल की लोअर मालरोड की मरम्मत में हो रही लगातार देरी पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने विभाग से जवाब-तलब करते हुए चेतावनी दी है कि अनावश्यक विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

आयुक्त दीपक रावत ने जारी निर्देशों में कहा कि 15 सितंबर 2025 से क्षतिग्रस्त लोअर मालरोड की मरम्मत अब तक पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने स्वयं दो बार स्थलीय निरीक्षण किया है, जबकि अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया, लेकिन कार्य की प्रगति बेहद धीमी और असंतोषजनक पाई गई।

 

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से लगातार नई-नई समय-सीमाएं दी जाती रही हैं। विभाग ने पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले सड़क तैयार करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब फिर से 45 दिन का अतिरिक्त समय मांगा गया है।

 

आयुक्त ने निर्देश दिए कि अब सड़क निर्माण कार्य की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। उन्होंने कार्यस्थल पर तत्काल सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उसका लाइव लिंक आयुक्त कार्यालय एवं जिलाधिकारी नैनीताल को उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं, ताकि कार्य की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सके।

 

दीपक रावत ने कहा कि औचक निरीक्षणों के दौरान यह भी सामने आया कि कई बार कार्यस्थल पर निर्माण कार्य होता ही नहीं मिला। उन्होंने सवाल उठाया कि महज 40 मीटर सड़क के निर्माण में लगभग एक वर्ष का समय लग जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

 

आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग से स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा कि कार्य में देरी के कारणों का संतोषजनक उत्तर न मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि पर्यटन नगरी नैनीताल की यह प्रमुख सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

#संवाद_न्यूज़_9 #नैनीताल #दीपक_रावत #लोअर_मालरोड #PWD #कुमाऊं #उत्तराखंड #सड़क_निर्माण #CCTV #ब्रेकिंग_न्यूज़