दारोगा पर बुजुर्ग फल विक्रेता से मारपीट का आरोप, तिब्बती मार्केट का मामला, जांच में जुटी पुलिस

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है. मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं

देहरादून: तिब्बती मार्केट क्षेत्र में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात एक दारोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चाओं में आ गया है. वायरल वीडियो में दारोगा को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करते हुए देखा जा सकता है. भीड़ का आरोप है कि दारोगा ने सड़क किनारे फल बेच रहे एक बुजुर्ग रेहड़ी संचालक को रेहड़ी हटाने के दौरान थप्पड़ मार दिया. जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया. हालांकि वायरल वीडियो में कथित मारपीट की घटना दिखाई नहीं देती, लेकिन वीडियो में मौजूद लोग लगातार बुजुर्ग के साथ मारपीट का आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं.

तिब्बती मार्केट में ट्रैफिक कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद: जानकारी के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है. तिब्बती मार्केट के पास सड़क किनारे एक बुजुर्ग फल विक्रेता रेहड़ी लगाकर फल बेच रहा था. इसी दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे दारोगा योगेंद्र वहां पहुंचे. उनका रेहड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया.
वीडियो में दारोगा और युवक के बीच तीखी बहस: वायरल वीडियो में एक युवक पूरी घटना अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करता दिखाई देता है. वीडियो में युवक दारोगा से कहता है कि यदि रेहड़ी अवैध रूप से खड़ी है तो नियमानुसार चालान किया जाए. मारपीट नहीं की जानी चाहिए. इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस होने लगती है. वीडियो में युवक खुद को हाईकोर्ट का वकील बताते हुए दारोगा के खिलाफ अदालत जाने की बात भी कहता है. जिस पर बहस और बढ़ जाती है.
भीड़ ने लगाए वसूली और मारपीट के आरोप: वीडियो में युवक दारोगा से पैसे लेने का भी सवाल करता है. वीडियो में दारोगा कथित तौर पर पैसे लेने की बात स्वीकार करता हुआ सुनाई देता है. इसी बीच बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो जाते हैं. दारोगा का विरोध शुरू कर देते हैं. भीड़ लगातार बुजुर्ग के साथ मारपीट और जबरन वसूली के आरोप लगाती नजर आती है. वीडियो में दारोगा वायरलेस सेट पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने और रेहड़ी हटाने की बात करते हुए भी दिखाई देता है.
मारपीट का दृश्य वीडियो में नहीं: हालांकि, वायरल वीडियो में कथित थप्पड़ मारने या मारपीट का कोई स्पष्ट दृश्य दिखाई नहीं देता. वीडियो में केवल मौके पर मौजूद लोगों द्वारा लगाए जा रहे आरोप और दारोगा और रिकॉर्डिंग कर रहे युवक के बीच की बहस दिखाई देती है. आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है. एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है. मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. उन्होंने कहा जांच में यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मामले में सीओ ट्रैफिक जगदीश पंत ने बताया तिब्बती मार्केट के आस पास के क्षेत्र को नगर निगम देहरादून ने नो वेडिंग जोन घोषित किया है. जिसमें किसी भी प्रकार की रेहड़ी/ ठेली लगाना पूर्ण रूप से वर्जित है. पुलिस द्वारा समय-समय पर अभियान चलाकर उक्त स्थान से यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाली रेहड़ी/ठेलियों को हटवाती है. कल पुलिस द्वारा चलाये गये अभियान के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें कुछ लोगों द्वारा पुलिस कार्यवाही के दौरान ड्यूटी पर नियुक्त उप निरीक्षक से बहस की जा रही है. उक्त वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून के आदेशानुसार वायरल वीडियो/सम्पूर्ण प्रकरण की जांच की जा रही है.






