19 Oct 2026, Mon

साइबर ठगी गैंग फेल…खुला करोड़ों का लेनदेन, सामने आया विदेश कनेक्शन

खबर शेयर करें-

साइबर ठगी गैंग फेल…खुला करोड़ों का लेनदेन, सामने आया विदेश कनेक्शन

 

उत्तराखंड पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के एक अहम सदस्य को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। आरोपी और उसके साथियों के बैंक खातों में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का पता लगा है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के तार पाकिस्तान और सऊदी अरब से जुड़े हुए थे। आरोपी से एक कार और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे लक्सर पुलिस के हवाले कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी गिरोह कुछ लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहा है। जांच के दौरान तिलकपुरी निवासी सौरभ ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सौरभ ने अपने साथी आकाश के साथ मिलकर ठगी की रकम के लेनदेन में शामिल होने की बात कबूल की।

पुलिस के अनुसार सौरभ के 12 से अधिक बैंक खातों में 70 लाख रुपये से अधिक और आकाश के चार खातों में करीब 14 लाख रुपये का लेनदेन हुआ है। वहीं ग्रामीणों के दो दर्जन से भी ज्यादा बैंक खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर होती रही।

जांच में यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि सौरभ और आकाश लगातार पाकिस्तान और सऊदी अरब के नंबरों पर बात कर रहे थे। पूछताछ में पता चला कि दोनों की मुलाकात पश्चिम बंगाल की श्रेया गुप्ता से हुई थी, जिसे इस पूरे गिरोह की मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। श्रेया ने उन्हें बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने और ठगी की रकम ट्रांसफर करने के बदले मोटा कमीशन देने का लालच दिया था। इसी महिला ने उन्हें पाक और सऊदी अरब में बैठे लोगों के संपर्क भी उपलब्ध कराए।

सौरभ, जो CSC सेंटर चलाता था, ने अपने, आकाश और गांव के अन्य लोगों के बैंक खातों और यूपीआई आईडी विदेशी ठगों तक पहुंचाए। ठगी की रकम आने के बाद यह लोग कैश निकालकर उसे अन्य खातों में ट्रांसफर करते थे और बदले में कमीशन हासिल करते थे।

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के अनुसार, गिरोह द्वारा डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की रकम कई खातों में घुमाई गई है। सौरभ एलएलबी का छात्र है और उसने ठगी की कमाई से एक शानदार कार और महंगा मोबाइल फोन खरीदा था। पुलिस इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपी आकाश की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement