2 Sep 2026, Wed

उत्तराखंड पंचायत उपचुनाव मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें, लोगों में खासा उत्साह

खबर शेयर करें-

उत्तराखंड पंचायत उपचुनाव… मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें, लोगों में खासा उत्साह

 

उत्तराखंड की त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पदों के लिए आज उपचुनाव का मतदान शुरू हो गया। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव को लेकर सभी तैयारियाँ पहले ही पूरी कर ली थीं।

इस उपचुनाव में कुल 321 पदों पर मतदान हो रहा है, जिसके लिए 2,266 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं 27,221 प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। आयोग ने पंचायतों के कुल 32,985 रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए 11 नवंबर को अधिसूचना जारी की थी।

राज्यभर में मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई जगह सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुँचने लगे। बुजुर्गों और युवाओं दोनों में मतदान के प्रति जोश नजर आ रहा है।

किच्छा के शांतिपूरी ग्रामसभा-1 में वार्ड सदस्य पद के लिए मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। लोग लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

रुद्रप्रयाग जिले की बजीरा वार्ड में भी मतदान जारी है, जहाँ भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखी जा रही है। प्रचार के लिए भले ही समय कम मिला हो, लेकिन दोनों पार्टियों ने पूरा जोर लगाया था।