19 Oct 2026, Mon

गुरुद्वारा साहिब में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

खबर शेयर करें-

रुद्रपुर। सिखों के दसवें गुरु, दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बिन्दुखेड़ा स्थित गुरुद्वारा साहिब में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

इस अवसर पर क्षेत्र की संगत ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और गुरु की महिमा का गुणगान किया। कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।* इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन त्याग, साहस और मानवता की सेवा का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। ऐसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। धार्मिक दीवान में बाहर से आए रागी जत्थों ने गुरु वाणी का कीर्तन कर गुरु गोविंद सिंह जी की महिमा का बखान किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और संगत निहाल हो उठी। कार्यक्रम के अंत में गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान काबल सिंह, गुरुद्वारा प्रधान सरदार कवलजीत सिंह, जोगेन्द्र सिंह, कुलवंत सिंह, बीडीसी सदस्य अमरजीत सिंह, जसवंत सिंह, प्रीतम सिंह, परमजीत सिंह, मलकीत सिंह, ज्ञानी हरनाम सिंह, जगीर सिंह, गुरबाज सिंह, गुरचरन सिंह, जरनैल सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement