
घर से निकला युवक ज़िंदा नहीं लौटा…जंगल में मिली लाश! मचा कोहराम
उत्तराखंड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरिद्वार जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के कंकरखाता गांव से लापता एक युवक का शव पथरी क्षेत्र के जंगल में बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
मृतक की पहचान कंकरखाता गांव निवासी सन्नी उर्फ पोल्ला (20 वर्ष) पुत्र मानसिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि सन्नी 27 जनवरी को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद परिजनों ने रायसी चौकी पुलिस को युवक की गुमशुदगी की सूचना दी थी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
रविवार देर शाम पथरी क्षेत्र के जंगल में सन्नी का शव मिलने की सूचना से परिजनों और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सूचना मिलने पर एसपी देहात सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक के भाई लेखराज ने बताया कि 27 जनवरी को सन्नी कुछ दोस्तों के साथ घर से गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



