1 Mar 2026, Sun

होली मिलन समारोह के दौरान दो छात्र गुटों के बीच विवाद

खबर शेयर करें-

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर स्थित सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में होली मिलन समारोह के दौरान दो छात्र गुटों के बीच विवाद

विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राएं होली मिलन कार्यक्रम में शामिल थे. रंग-गुलाल और सांस्कृतिक माहौल के बीच किसी बात को लेकर दो गुटों में बहस शुरू हो गई. शुरुआत में छात्रों ने एक-दूसरे से तीखी नोकझोंक की, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई में बदल गया. दोनों ओर से छात्रों ने एक-दूसरे को धक्का-मुक्की और मारपीट की.

होली मिलन समारोह में भिड़े छात्र गुट (ETV Bharat)

स्थिति को बिगड़ता देख अन्य छात्रों और कॉलेज प्रशासन के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया. इस दौरान छात्र एक-दूसरे को भविष्य में देख लेने की धमकी देते भी नजर आए. घटना के दौरान मौजूद कुछ छात्रों ने पूरी मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिससे कॉलेज की छवि पर भी सवाल उठ रहे हैं.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था, न तो किसी छात्र गुट ने खुलकर कारण बताया है और न ही कॉलेज प्रशासन ने इस पर विस्तृत बयान जारी किया है. हैरानी की बात यह है कि अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को औपचारिक तहरीर नहीं सौंपी है.

इस मामले में रुद्रपुर के एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से कॉलेज में हुई मारपीट की घटना और वायरल वीडियो की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल कॉलेज प्रशासन या किसी भी छात्र की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

एसपी सिटी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है. यदि जांच में किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है. शिक्षा संस्थान में इस प्रकार की घटनाएं न केवल अनुशासन पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं, बल्कि छात्रों के भविष्य को भी प्रभावित कर सकती हैं. अब सभी की नजरें पुलिस जांच और कॉलेज प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं.