3 Jun 2026, Wed

ठेकेदार के भाई का फैक्ट्री मालिक पर जानलेवा हमला

खबर शेयर करें-

अरोमा पार्क में बवाल: ठेकेदार के भाई का फैक्ट्री मालिक पर जानलेवा हमला

 

 

काशीपुर के अरोमा पार्क में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ठेकेदार के भाई ने फैक्ट्री मालिक पर पाइप से हमला कर दिया। पीड़ित फैक्ट्री मालिक निरंजन मित्तल ने आरोप लगाया कि आरोपी कामिल लंबे समय से साइट पर आकर मजदूरों के साथ बदसलूकी, गाली-गलौच और मारपीट करता रहा है।

 

घटना 10 अप्रैल की बताई जा रही है, जब कामिल ने अचानक फैक्ट्री में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी और विरोध करने पर मित्तल पर पाइप से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और खून भी बहा। आरोप है कि हमलावर ने न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी, बल्कि परिवार को भी अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

 

पीड़ित का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, आरोपी पहले भी कई बार विवाद और मारपीट कर चुका है। घटना के वक्त 10-12 लोग मौके पर मौजूद थे, जो गवाह हैं। उद्योग लगाने वाले कारोबारी के लिए यह माहौल डर पैदा करने वाला है।

 

पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस खुलेआम गुंडागर्दी पर कितना सख्त एक्शन लेता है।